शाहगंज कोतवाली में किन्नरों का तीन घंटे हंगामा, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज होने पर हुए शांत
जौनपुर,06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद की शाहगंज कोतवाली में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब किन्नर समाज के दर्जनों लोग अपनी एक साथी पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। विरोध के दौरान कुछ किन्नरों ने कोतवाली परिसर में नग्न होकर प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य गेट और आसपास की सब्जी मंडी क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी गुलाबो किन्नर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
उसरा भादी गांव निवासी गुलाबो किन्नर के खिलाफ किन्नर समाज के लोगों ने एक दिन पहले बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर अवैध गतिविधियों और अपने घर पर देह व्यापार संचालित कराने का आरोप लगाया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी बात से नाराज होकर किन्नर समाज के लोग गुलाबो के घर पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुलाबो पक्ष की ओर से किए गए पथराव में शीला किन्नर घायल हो गई। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद किन्नर समाज के लोग बड़ी संख्या में शाहगंज कोतवाली पहुंच गए और पुलिस हिरासत में मौजूद गुलाबो किन्नर से मिलने की मांग करने लगे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उन्होंने कोतवाली परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
किन्नर समाज की सदस्य बिट्टू किन्नर ने आरोप लगाया कि गुलाबो किन्नर की कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को पहले से थी और उसे पुलिस का संरक्षण प्राप्त था। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में पथराव हुआ, लेकिन पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
इस संबंध में थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामला किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पुलिस हिरासत से एक किन्नर को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। डाली किन्नर की तहरीर के आधार पर गुलाबो किन्नर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव