सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा ‘सेवा सेतु अभियान’
लखनऊ, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहज, सरल और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न सहयोगी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि सेवा सेतु अभियान ग्रामीण नागरिकों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुलभ बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने, आवेदन करने तथा पात्रता से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने का अवसर मिल रहा है। इससे लोगों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और उनका समय, श्रम एवं संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ का मूल उद्देश्य सेवाओं को गांव के करीब लाना, सरकारी व्यवस्था को अधिक जनसुलभ बनाना तथा नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन