सेवा संकल्प अभियान’-गांव-गांव पहुंचेगी विकास की कहानियां

 


लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश का ग्राम्य विकास विभाग 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित करेगा। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने अभियान को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के लिए राज्य एवं जनपद स्तर के अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 17 सितंबर को शाम 7 बजे अमृत सरोवरों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों के जीवन में आए बदलावों पर आधारित ‘कहानी बदलाव की’ शीर्षक से 60 सेकंड की रील्स तैयार की जाएंगी और उन्हें सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर साझा किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ब्लॉक स्तर पर 07 दिवसीय बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु अभियान’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुना जाएगा, यथासंभव उनका मौके पर समाधान कराया जाएगा तथा प्राप्त सुझावों और फीडबैक का संकलन किया जाएगा।

ग्राम्य विकास आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन एवं समन्वय के लिए शासन स्तर पर संयुक्त आयुक्त (वीबी-जी राम जी)दिग्विजय नाथ पाण्डेय को प्रदेश नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि जनपद स्तर पर उपायुक्त (श्रम रोजगार) को जनपदीय नोडल अधिकारी के रूप में अभियान की व्यवस्थाओं की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन