लखीमपुर खीरी में आंधी के बाद लगी भीषण आग ने मचाया तांडव, 50 घर स्वाहा, प्रभावितों के पुनर्वास में जुटे अधिकारी

 




लखीमपुर खीरी, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की तहसील मितौली क्षेत्र के ग्राम कारी बडेरी मजरा मुल्तानपुर ग्रंट में सोमवार देर रात आई तेज आंधी के दौरान लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 50 कच्चे पक्के मकान जलकर खाक हो गए, जिससे 74 परिवारों का आशियाना और सारा सामान जमींदोज हो गया। विकराल आग की चपेट में आने से पांच मवेशियों की भी मौत हो गई, हालांकि गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

भीषण आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।

मंगलवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने खुद प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। दोनों आलाधिकारियों ने पीड़ितों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

डीएम ने राजस्व टीम को तत्काल नुकसान का सटीक आंकलन कर सरकारी सहायता राशि जारी करने के कड़े निर्देश दिए। पीड़ितों के लिए गांव के पंचायत भवन में सामूहिक भोजनालय शुरू कर भोजन के पैकेट और आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा रही है। डीएम ने भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन से अपील की है कि वे आग और बिजली के उपकरणों के प्रति विशेष सावधानी बरतें ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत कार्यों की निगरानी कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव