सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़ रही ‘सेवा संकल्प यात्रा : अनिल दीक्षित

 


कानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। वाराणसी से वडनगर तक जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े संघर्ष और सेवा भाव का संदेश पहुंचाया जा रहा है। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पनकी में यात्रा के स्वागत के दौरान कही।

वाराणसी से वडनगर जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ आज पनकी पहुंची। यात्रा के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत के लिए पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा में शामिल लोगों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। वाराणसी से वडनगर तक का सफर प्रधानमंत्री की कर्मभूमि और जन्मभूमि को जोड़ने के साथ कार्यकर्ताओं को सेवा और संगठन के प्रति समर्पण की प्रेरणा भी दे रहा है।

नेताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के बीच सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति एकजुटता और उत्साह का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, एमएलसी अरुण पाठक, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा समेत भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच का संचालन युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक शिवांग मिश्रा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप