बांदा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की गौरव गाथा लेकर घर घर जायेंगे भाजपा कार्यकर्ता

 


- 17 सितम्बर से एक माह तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बांदा, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा व जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर बांदा जिला कार्यालय में बुधवार को एक कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित समाधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर सेवा, संगठन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है उन्हीं के सेवाभाव को जन जन तक पहुँचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन का उद्देश्य अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम का भाव और सुशासन रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को घर घर दीप प्रज्वलन से किया जाएगा। इसी प्रकार विभिन्न प्रतियोगितायें, नुक्कड़ नाटक, जन प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक संकल्प आदि कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगेl

जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार व प्रदेश में चलाई जा रहीं जन कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जो काम अन्य सरकारों द्वारा नहीं हो पाए वे अब भाजपा की सरकारों में धरातल पर दिखाई पड़ रहे हैं।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश नाथ दीक्षित ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के कार्यों से प्रेरणा लेकर सभी लोग सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से उनके संकल्प को घर घर पहुँचाकर पूरा करेंगेl

जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष का जीवन राष्ट्रसेवा, जन कल्याण, सुशासन और अंत्योदय के प्रति समर्पण की प्रेरणा दायक यात्रा है। उनकी 25 वर्षों की गौरव गाथा को लेकर कार्यकर्ता घर घर जायेंगेl

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सदस्य रामपाल प्रजापति, सुनील पटेल, अजय पटेल, विवेकानंद गुप्ता, ममता मिश्रा, स्वर्ण सिंह सोनू, उत्तम सक्सेना, सुधीर कुशवाहा, मालती बासू, संगीता वेद निराला, निर्मला गौतम आदि मौजूद रहे l

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह