सेवा संकल्प अभियान में 120 किमी सड़कों की सफाई, 350 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया गया : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। कानपुर नगर निगम ने सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 120 किलोमीटर मुख्य सड़कों पर सफाई और कूड़ा उठान कराया। अभियान के दौरान 350 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया गया। यह जानकारी नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को शहर में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान दी।
नगर आयुक्त ने लाला लाजपत राय अस्पताल, गोल चौराहा, कोका कोला चौराहा, अफीम कोठी, झकरकटी, टाटमिल, बाकरगंज, किदवई नगर, संजय वन, गौशाला चौराहा, दीप सिनेमा तिराहा, फजलगंज और स्वरूप नगर समेत विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को अभियान के तहत मुख्य मार्गों, डिवाइडरों, सड़कों की पटरियों और नालियों की नियमित सफाई के निर्देश दिए।
अभियान में 25 मुख्य मार्गों की सफाई के लिए 425 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया। निगरानी के लिए 60 सफाई नायक, 25 स्वच्छता निरीक्षक और छह जोनल स्वच्छता अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। नगर आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए लाउडस्पीकर और पंपलेट का इस्तेमाल करने को कहा।
किदवई नगर क्षेत्र में अधिकारियों ने बताया कि जोन-3 के वार्डों और मुख्य सड़कों पर करीब 900 सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। यहां सड़कों की दोनों पटरियों, डिवाइडरों और नालियों की सफाई कराई जा रही है। नगर आयुक्त ने मलिन बस्तियों में विशेष सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान सफाई कार्य के लिए 60 रिक्शा ट्राली, 150 हाथ कूड़ा गाड़ी, 25 टाटा-ऐस और 10 बैकहो लोडर लगाए गए। डिवाइडरों की सफाई के लिए आठ रोड स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वरूप नगर थाने से सचिन तेंदुलकर चौराहे तक बन रही व्हाइट टॉपिंग सड़क का भी जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समयसीमा 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप