बलरामपुर में 124 कार्यक्रमों से गूंजेगा सेवा संकल्प अभियान

 


बलरामपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यूपी के जनपद बलरामपुर में 124 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 31-31 कार्यक्रम होंगे। अभियान की रूपरेखा रविवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने साझा की।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को विभिन्न कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक माध्यमों से आमजन तक पहुंचाना है। गांवों, विद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इसमें संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यक्रम 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने बताया कि सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन