हर वार्ड से 100 कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करें, सेवा ज्योति कलश यात्रा को बनाएं ऐतिहासिक : अनिल दीक्षित
कानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा ज्योति कलश यात्रा में प्रत्येक वार्ड से कम से कम 100 कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सभी को प्रातः नौ बजे फूलबाग पहुंचने के लिए प्रेरित करें, ताकि यात्रा में व्यापक जनभागीदारी के साथ संगठन की एकजुटता दिखाई दे। यह आह्वान सोमवार को भाजपा कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित पार्षदों की बैठक में किया।
सेवा ज्योति कलश यात्रा को सफल बनाने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। महापौर प्रमिला पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यात्रा को ऐतिहासिक जनसहभागिता के साथ सफल बनाना संगठन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों से संपर्क कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि सुबह 9:15 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। बैठक में यात्रा की तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर पार्षदों के साथ चर्चा की गई।
बैठक का संचालन अवधेश सोनकर ने किया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान सीमा एमबीए, धीरू त्रिपाठी, दिनेश बाबा, अमित गुप्ता, आदर्श गुप्ता, नीरज बाजपेयी, नीरज रक्सेल, जीतू बाजपेयी, नीरज गुप्ता समेत भाजपा के कई पार्षद मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप