सेवा संकल्प सभा के बाद निकली सेवा ज्योति यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प

 




जौनपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को हाई डील चौराहा स्थित परिसर में सेवा संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी रहे। संचालन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन के संबोधन के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के बाद मुख्य अतिथि, जिलाध्यक्ष और मंचस्थ अतिथियों ने चौराहे पर स्थापित पवित्र कलश का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया।

यात्रा हाई डील चौराहे से निकलकर अम्बेडकर चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, लाइन बाजार तिराहा और खरका कॉलोनी होते हुए पुनः हाई डील चौराहा पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा और राष्ट्र सेवा से जुड़े नारे लगाए। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सेवा ही संगठन’ है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा के प्रति समर्पित है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की रीढ़ समर्पित कार्यकर्ता हैं। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता और विकास पहुंचाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, सीमा द्विवेदी, कृपाशंकर सिंह, सुषमा पटेल, मनोरमा मौर्य, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह, पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, संदीप तिवारी, अमित श्रीवास्तव, परविंदर चौहान, नीरज मौर्य, विकास शर्मा, अंशु कुशवाहा, धर्मेन्द्र मिश्र, आमोद सिंह, अमरनाथ पांडेय, रामसूरत मौर्य, रोहन सिंह और घनश्याम यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव