सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : बीएल संतोष

 


कानपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान—जनसेवा ही प्रभु सेवा’ को बूथ से लेकर जिला स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित कर जनभागीदारी बढ़ाई जाए। अभियान का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सेवा का कोई न कोई कार्य सुनिश्चित करें। यह निर्देश भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने शनिवार को होटल लैंडमार्क में कानपुर कमिश्नरी के आठ संगठनात्मक जिलों के जनप्रतिनिधियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक के दौरान दिए।

उन्होंनेे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा है। इसलिए उनका जन्मदिवस कार्यकर्ताओं के लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाने और सेवा का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल पार्टी संगठन तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ा जाए।

उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। जिला अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का आधार मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की गतिविधियों का प्रभाव बूथ स्तर तक दिखाई देना चाहिए। कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद, क्षेत्र में प्रवास, बूथ समितियों की सक्रियता और अभियानों में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जिला स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की ओर से निर्धारित अभियानों को समय सीमा में योजनाबद्ध तरीके से बूथ स्तर तक पहुंचाने को कहा गया। बैठक में कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्षों तथा जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि बीएल संतोष के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिली है। सेवा संकल्प अभियान को कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा को सामाजिक दायित्व और राष्ट्र सेवा का संस्कार मानकर कार्य करते हैं।

बैठक की अध्यक्षता राम किशोर साहू ने की और संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप