पुरुषोत्तम माह में कानपुर में सेवा कार्यों की धूम, जगह-जगह शरबत और गन्ने के जूस का वितरण
कानपुर, 24 मई (हि.स.)। पुरुषोत्तम माह के अवसर पर रविवार को शहर में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से सेवा कार्य लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर शरबत और गन्ने के जूस का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इन सेवा कार्यक्रमों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
बिरहाना रोड में श्री राणी सती दादी जी सेवक मंडल पंजीकरण की ओर से पूरे पुरुषोत्तम माह में प्रत्येक रविवार सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को करीब 500 किलो गन्ने के जूस का वितरण किया गया, जिसे हजारों लोगों ने ग्रहण किया। संस्था से जुड़े विवेक गोयनका ने बताया कि राणी सती दादी जी की कृपा से संस्था पिछले 25 वर्षों से लगातार धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दादी के दरबार में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में मुकेश बाजोरिया, भूपेंद्र गर्ग, श्रीराम तुलसियान, निखिल झुंझुनवाला, पवन अग्रवाल, अनिल नेमानी, रशिक बाजोरिया, दीपक अग्रवाल और नरेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं नयागंज स्थित कनोडिया धर्मशाला में पीपीएन डिग्री कॉलेज के 1991 बैच के पूर्व छात्रों ने अपने साथी स्वर्गीय संजय गुप्ता की स्मृति में विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजकों ने बताया कि कॉलेज के समय से शुरू हुई दोस्ती आज भी सामाजिक कार्यों के जरिए कायम है। “कॉलेज के यार जिंदगी भर का साथ” नाम से बने इस समूह में करीब 150 सदस्य जुड़े हुए हैं। साथियों ने बताया कि संजय गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद पिछले चार वर्षों से उनकी याद में यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर श्याम कनोडिया, वीरेंद्र गुप्ता, संतलाल गुप्ता, मनोज हिंदुस्तानी, संदीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, अजीत सिंह, कैलाश गुप्ता, अनुराग शाह, अनूप सिकटिया, अशोक गुप्ता, अजय गुप्ता, संजय गुप्ता सीएस और कपिल वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसी कड़ी में जयतु जागृति परिवार एवं जयतु जगदीश मंडल सेवा समिति की ओर से भी नयागंज स्थित बिहारी जी परिसर में शरबत वितरण सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों ने राहगीरों, श्रद्धालुओं और आमजन को शीतल शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई।
कार्यक्रम का संचालन विकास ओमर के संयोजन में हुआ। अध्यक्ष अनिल और अध्यक्षा मोना ओमर के नेतृत्व में आयोजित सेवा कार्य में मंत्राणी मीनाक्षी, प्रतीका, सुधा, कोषाध्यक्ष राशि, दीपक, राजकिशोर और राकेश समेत कई सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप