सेवा और संवेदना पीयू की जिम्मेदारी : प्रो. आर.के. सिंह
जौनपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने 100 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहयोग देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना भवन में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने 20 यूनिट रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ने कहा कि जनभागीदारी और युवा शक्ति से सेवा अभियान सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती मिलती है। विश्वविद्यालय की यह पहल सेवा को सामाजिक सहभागिता से जोड़ती है।
कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध है। टीबी उन्मूलन के लिए उपचार के साथ पोषण, जागरूकता और सामाजिक सहयोग जरूरी है। अभियान का उद्देश्य क्षय रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना बढ़ाना है।
विशिष्ट अतिथि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव ने टीबी के लक्षण, उपचार, बचाव और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान रोगियों को भुना चना, गुड़, मूंगफली, सोयाबीन, बोर्नविटा और मास्क वितरित किए गए।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत और परिचय कराया। संचालन अभिनव कीर्ति पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकान्त यादव ने किया।
कार्यक्रम में प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. राज कुमार, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव, डॉ. पुनीत सिंह, सलिल कुमार यादव, महामंत्री राधेश्याम सिंह ‘मुन्ना’, डॉ. इंद्रेश कुमार, आदित्य जायसवाल और डॉ. उदयभान यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे.
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव