स्वास्थ्य विभाग की अनियमितताओं काे लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

 


जौनपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं और कार्यप्रणाली को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता विकास तिवारी एवं अतुल सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट माहिपाल सिंह को सौंपा गया है।

ज्ञापन में सीएमओ कार्यालय से जारी स्थानांतरण एवं संबद्धता आदेशों में पारदर्शिता, उनके अनुपालन और कार्यमुक्ति की स्थिति की जांच कराने के साथ कथित बिचौलियों की भूमिका की पड़ताल की मांग की गई।अधिवक्ताओं ने जिले में बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर कार्रवाई की मांग की। सरकारी चिकित्सकों द्वारा कथित अनधिकृत निजी प्रैक्टिस के मामलों की भी जांच कराने को कहा गया।जिला अस्पताल परिसर में खड़े शव वाहनों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर संचालित कराने तथा माॅर्चरी की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की गई। माॅर्चरी के खराब उपकरणों, भवन की स्थिति और शवों के सम्मानजनक संरक्षण की व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई गई।ज्ञापन में जिला अस्पताल परिसर में रखे सोलर पैनल, सर्जिकल बेड, आईसीयू उपकरण समेत अन्य सरकारी संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित क्षति अथवा दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की गई।इस दौरान विकास तिवारी, अतुल सिंह, अंकित यादव, नीरज पाठक, चंद्रेश यादव, रंजीत यादव, देवेश मौर्य, निर्भय, वेदप्रकाश, आशीष, चंद्रपाल, नीरज यादव, शिवराज यादव और राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव