घर के पास युवती का शव मिलने से सनसनी, संदिग्ध युवक हिरासत में

 




जौनपुर, 23 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोईरीपुर गांव की दलित बस्ती में सोमवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती का शव घर के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ब्यूटी (19) पुत्री कमलेश गौतम के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, युवती का शव घर के बगल संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शरीर पर गला दबाने के संकेत पाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज थाना पुलिस के साथ सुजानगंज, सिंगरामऊ और बदलापुर थानों की पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका के चाचा अवधेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतका के पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं और वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका की मां सावित्री देवी, चाची सुनीता और छोटे भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव