झांसी में 18-19 जुलाई को होगी वरिष्ठ नागरिक परिसंघ की राष्ट्रीय बैठक, तैयारियों पर मंथन

 


झांसी, 05 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश की एक विशेष बैठक रविवार को प्रदेश महामंत्री संतप्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में जिलाध्यक्ष मैथिलीशरण मुदगिल के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में 18 एवं 19 जुलाई 2026 को झांसी में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय वरिष्ठ नागरिक परिसंघ की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अखिल भारतीय वरिष्ठ नागरिक परिसंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश पालीवाल तथा अखिल भारतीय मंत्री चन्द्रशेखर व्यास केंद्रीय प्रतिनिधि के रूप में विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों पदाधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक के दौरान अतिथियों के स्वागत, आवास, भोजन, बैठक स्थल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मैथिलीशरण मुदगिल, अनिल तिवारी, एडवोकेट गोविन्द सोनी, सुरेश पालीवाल, चन्द्रशेखर व्यास, कृष्णप्रसाद पाण्डेय, अवधेश सक्सेना, रोहित यादव, मुन्नालाल आचार्य सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि झांसी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की यह बैठक वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया