विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए गोष्ठी

 


नोएडा, 24 जुलाई (हि.स.)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और पुनर्वास को मजबूत बनाने को लेकर शुक्रवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में गोष्ठी की। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से प्रभावी ढंग से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गोष्ठी में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने, पात्र बच्चों को दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और समावेशी शिक्षा जैसी योजनाओं से जोड़ने को लेकर बातचीत हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगाने, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, केयरगिवर सत्यापन, बीट आउटरीच कार्यक्रम और नेबरहुड सिक्योरिटी स्कीम के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान बोलते हुए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अपराजेय केवल एक अभियान नहीं, बल्कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा का संकल्प है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी