आत्मनिर्भर नारी, मजबूत लोकतंत्र की तैयारी : प्रकाश पाल
कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। आत्मनिर्भर नारी ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में अग्रणी बन रही है। प्रधानमंत्री के सम्बोधन ने महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को और सशक्त किया है। यह बातें नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के दौरान कही गईं, यह बातें क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में कानपुर दक्षिण में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्बोधन का सीधा प्रसारण क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित महिलाओं के साथ सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।
सम्मेलन के दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने देश के समग्र विकास में अपनी सशक्त और निर्णायक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और आर्थिक रूप से भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष कानपुर दक्षिण शिवराम सिंह और जिला अध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान की उपस्थिति रही। इसके साथ ही अनीता गुप्ता, स्वप्निल वरुण, विजय तिवारी, अनीता त्रिपाठी, वंदना गुप्ता, मधु तिवारी, सुमन सिंह और शैलजा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप