जौनपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बना रहीं चार लाख तिरंगे झंडे

 


जौनपुर,11 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अभियान के लिए चार लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में जुटी हैं। इन्हें 13 अगस्त तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक करीब तीन लाख तिरंगे तैयार कर वितरित भी किए जा चुके हैं।

जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तिरंगा बनाने के कार्य में जुटी हैं। एनआरएलएम के तहत गठित 105 महिला स्वयं सहायता समूहों की करीब 300 महिलाएं इस काम को पूरा करने में लगी हैं। महिलाएं तिरंगे तैयार कर न केवल अभियान को गति दे रही हैं, बल्कि इसके माध्यम से रोजगार से भी जुड़ रही हैं।मंगलवार को अभियान की जानकारी देते हुए उपायुक्त स्वरोजगार जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को तिरंगा बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वर्तमान में 19 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं।

अभियान के तहत तैयार किए जा रहे सभी तिरंगे 15 अगस्त से पहले सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आमजन तक पहुंचाने की योजना है। संबंधित विभाग स्वयं सहायता समूहों से झंडे खरीदकर गांवों में घर-घर तक पहुंचाएंगे, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया जा सके। एनआरएलएम से जुड़ी महिलाएं तीन अलग-अलग आकार के तिरंगे तैयार कर रही हैं। इनकी कीमत 20 रुपये तक निर्धारित की गई है। झंडे बनाने में कॉटन और पॉलिस्टर के कपड़े का इस्तेमाल किया जा रहा है। अभियान से जुड़ी महिलाओं में भी तिरंगा तैयार करने को लेकर खासा उत्साह है। सरकार की महिलाओं को लेकर रोजगार योजना के तहत प्रत्येक महिला समूह को 40 हजार रुपए तक मिलेगा। जिससे उनके अंदर उत्साह की भावना जागृत होगी-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव