जनगणना के लिए 16 नवंबर से स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर जुटेगा आंकड़ा : महेंद्र सिंह तंवर

 


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए सभी विभाग समय से तैयारियां पूरी करें और लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। जनगणना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर निगम के डिजिटल डिस्प्ले, सिनेमाघरों और मेट्रो रेल में प्रचार सामग्री प्रसारित की जाएगी। विद्यालयों में जागरूकता रैलियां निकालने के साथ रामलीला स्थलों पर भी जनगणना संबंधी फ्लेक्स लगाए जाएंगे। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में दिए।

बैठक में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों, विभागीय समन्वय और प्रचार अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बताया गया कि 16 से 30 नवंबर तक लोग स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक जनसंख्या गणना का कार्य होगा। पांच से नौ जनवरी के बीच पुनरीक्षण दौर चलेगा।

जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा करने और गणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें आंकड़ों की शुद्धता, कार्य की पूर्णता और सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जनजागरूकता अभियान के तहत नगर निगम के बैनरों और डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों पर संदेश प्रदर्शित होंगे। सिनेमाघरों और मेट्रो रेल में जनगणना संबंधी जिंगल्स प्रसारित किए जाएंगे। विद्यालयों में रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की बैठकों में उद्यमियों एवं व्यापारियों को जनगणना के महत्व और स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

जनता से पूछे जाएंगे 40 सवाल

जनगणना के दूसरे चरण में लोगों से व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, रोजगार, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधियां, जन्म स्थान, पूर्व निवास और पलायन के कारण शामिल हैं। बच्चों से संबंधित जानकारी के साथ कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक दिनेश कुमार यादव, सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला, उप जिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित 34 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप