10 महिला खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय ट्रायल टीम के लिए चयन

 


हमीरपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की महिला खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला स्तरीय चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 10 महिला खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय टीम के लिए चयन किया गया है।

उप क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय चित्रकूट धाम मंडल के निर्देशन में 4 से 6 अगस्त तक स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में जिले की 18 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में मानवी, अनुष्का, साक्षी, सिमर, रिया, काजल, लक्ष्मी यादव, उषा यादव, सोनी और रिया शामिल हैं। सभी चयनित खिलाड़ी 29 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम चित्रकूट में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उप क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह मंडल और प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा