ट्रिपल आईटी की दो छात्राओं का चेक गणराज्य के पूर्ण वित्तपोषित इरास्मस प्लस अकादमिक एक्सचेंज में चयन
प्रयागराज, 25 मई (हि.स)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तृतीय वर्ष की बी.टेक छात्रा ऐश्वर्या आउटी (पुणे, महाराष्ट्र) एवं कृषिका मेहता (संगरूर, पंजाब) का चयन चेक गणराज्य स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा में अध्ययन हेतु हुआ है। इन दोनों का चयन प्रतिष्ठित पूर्ण वित्तपोषित इरास्मस छात्र गतिशीलता कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ है ।
इरास्मस प्लस, यूरोपीय संघ द्वारा संचालित एक अंतरराष्ट्रीय शिक्षा एवं विनिमय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं को विदेश में अध्ययन, प्रशिक्षण, शोध एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अवसर प्रदान करना है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. मुकुल एस. सुतावने ने छात्राओं को बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम संस्थान एवं यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा के मध्य शैक्षणिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा भविष्य में अधिक छात्रों को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक विनिमय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक सहयोग के अंतर्गत यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी भी भविष्य में ट्रिपल आईटी का भ्रमण करेंगे, जिससे दोनों संस्थानों के मध्य अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं साझा शिक्षण अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
कुलसचिव प्रो. मंदार एस. कार्यकर्ते ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की बढ़ती वैश्विक शैक्षणिक भागीदारी एवं विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय शिक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय अनुभव उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि यह कार्यक्रम ट्रिपल आईटी इलाहाबाद एवं यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा के मध्य स्थापित शैक्षणिक सहयोग समझौता के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इस समझौते की पहल इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग की संकाय सदस्य डॉ. रेखा वर्मा एवं डॉ. सितांग्शु भट्टाचार्य द्वारा की गई थी। जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग एवं छात्र विनिमय अवसरों को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा में पांच माह की सेमेस्टर आधारित अकादमिक एक्सचेंज अवधि पूर्ण करेंगे। जिसमें पूर्ण क्रेडिट ट्रांसफर की सुविधा भी उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों का चयन उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन एवं चयन परीक्षा में श्रेष्ठ उपलब्धियों के आधार पर किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रतिमाह 850 यूरो जीवन-यापन व्यय हेतु तथा 1188 यूरो यात्रा सहायता के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
यूनिवर्सिटी ऑफ ओस्ट्रावा में अध्ययन के दौरान छात्र-छात्राएं विज्ञान और गणित में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का शिक्षण, वर्चुअल रियलिटी एवं 3डी मॉडलिंग सहित उभरती एवं बहु-विषयक तकनीकी विषयों का अध्ययन करेंगे, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक एवं अनुसंधान अनुभव प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र