छात्र और शिक्षक अपने तनाव व उलझनों से बचाव के लिए टेली मानस ऐप से ले सकेंगे सलाह

 


टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-89-14416 पर कर सकते हैं संपर्क

मुरादाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों पर अब बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र और शिक्षक अपने तनाव व उलझनों से बचाव के लिए टेली मानस ऐप से सलाह ले सकेंगे। यह जानकारी मुरादाबाद के बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने सोमवार को दी।

उन्हाेंने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर चुनौती बन गया है। इसका प्रभाव बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों पर भी दिख रहा है। जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में टेली-मानस हेल्पलाइन और मोबाइल ऐप का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा विभाग में जिला समन्वयक तारा सिंह ने कहा कि यह मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को गोपनीय परामर्श देगी। इसके लिए जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। एंड्रॉयड और आईओएस मोबाइल पर ऐप डाउनलोड कर विशेषज्ञ से सीधे जुड़ सकते हैं। बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को उक्त योजना की जानकारी हर स्तर तक पहुंचाने को कहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल