सदर तहसील में 147 फरियादियों ने लगाई गुहार, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण*

 




गोरखपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील दिवस में कुल 147 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, नगर निगम, परिवार रजिस्टर, तालाब एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र पहुंचे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। फरियादियाें में जंगल बेनीमाधव नंबर-दो निवासी अमरनाथ ने अपनी करीब 11 डिसमिल पुश्तैनी कृषि भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत की। राप्तीनगर फेज-फाेर स्थित भाऊराव देवरस कॉलोनी के एक सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर ने खाली पड़े प्लॉट संख्या के-13 में जमा कूड़े और मकान के टूटे मलबे को हटाने की शिकायत की। जंगल रानी सोहास कुंवरी टोला गड़वा निवासी सुजीत साहनी ने ग्राम सभा की भूमि पर स्थित पोखरे के पट्टे के आवंटन और उसके सुंदरीकरण की मांग की। वहीं, पिपराइच क्षेत्र के अगया छोटा टोला निवासी सुनील सिंह ने परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों से प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय