हाथरस : एसडीएम ने मनोनीत सभासदों को दिलाई शपथ

 




नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक गुड्डू चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा।

हाथरस, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद नगर पंचायत सभागार में गुरुवार दोपहर मनोनीत सभासद चंद्रकांत बधौतिया, दिनेश त्यागी और चरण सिंह सागर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम मनीष चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा और विधायक प्रदीप चौधरी की उपस्थिति में तीनों सभासदों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद मनोनीत सभासदों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा रमण अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी विकास कुमार, वरिष्ठ लिपिक अनुपम गुप्ता सहित सभी सभासद और नगर पंचायत कर्मी उपस्थित थे। अन्य सभासदों ने भी नए सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य और शरद माहेश्वरी, सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार, रामकुमार माहेश्वरी, देवचंद गौड़, अंकुश गौड़, तपन जौहर, बबलू गौतम, अशोक चौधरी, रामसहाय चौधरी और रामवीर भैया जी शामिल थे। भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति ने इस समारोह को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बना दिया। जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर कहा कि नए मनोनीत सभासद नगर की सफाई, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने नगर के हित में सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। शपथ ग्रहण के बाद सभागार में नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि मनोनीत सभासद चंद्रकांत बधौतिया अपने परिवार से तीसरी बार सभासद बने हैं। इससे पहले उनकी भाभी उत्तरा देवी पत्नी शशिकांत बधौतिया ने 1993 में और उनकी पत्नी पुष्पलता सिंह बधौतिया ने 2003 में सभासद के रूप में शपथ ली थी। चंद्रकांत बधौतिया को वर्तमान में सभासद मनोनीत किया गया है, और उन्होंने आज शपथ ग्रहण की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना