बाल सुधार गृह में भी संचालित होगा स्काउट-गाइड दल

 


देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.) । भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद देवरिया की जिला कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मुख्यायुक्त राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी युवा संगठन है, जो विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वावलंबन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने बताया कि नवाचार के तहत अब जनपद के बाल सुधार गृह में भी स्काउट-गाइड दल का पंजीकरण कर नियमित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने कहा कि जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई विद्यालयों में अनिवार्य रूप से स्काउट-गाइड गतिविधियां संचालित कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के वार्षिक कैलेंडर में भी इन कार्यक्रमों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर जिला कमिश्नर बुलबुल चंद्रप्रभा सिंह, डॉ. सीमा पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश कुशवाहा, अर्चना तिवारी, शैलेंद्र कुमार सैनी, संजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक