42 विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर, अनुशासन
मुरादाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत स्काउट गाइड जिला रैली में समर्पण और जोश के साथ स्काउट-गाइड की प्रतिभागिता आयोजित की गई।
42 विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
भारत स्काउट गाइड संस्था जिला मुरादाबाद के तत्वावधान में एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज, स्टेशन रोड में आयोजित जनपदीय रैली 2026 में 42 विद्यालयों के स्काउट-गाइड पूरे समर्पण, उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। रैली के दूसरे व अंतिम दिन शनिवार को विभिन्न वर्गों की अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में सीनियर, जूनियर, सीबीएसई, आईएससी, तहसील एवं बेसिक शिक्षा के स्काउट-गाइड के साथ कब-बुलबुल वर्ग के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रमुख प्रतियोगिताओं में संकेत वार्ता, दल अभिलेख, प्राथमिक चिकित्सा, गांठें एवं बंधन तथा कैंप फायर का आयोजन किया गया।
संकेत वार्ता प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें प्रतिभागियों को लगभग 30 मीटर की दूरी पर खड़े अपने साथी तक संकेतों के माध्यम से संदेश पहुंचाने का प्रदर्शन करना था। स्काउट-गाइड के इस कौशलपूर्ण प्रदर्शन को उपस्थित अतिथियों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा।
वहीं विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने डॉक्टरी गांठ, कुर्सी गांठ सहित अनेक महत्वपूर्ण गांठों एवं बंधनों का प्रदर्शन किया।
इन गांठों का आपातकालीन परिस्थितियों एवं दैनिक जीवन में विशेष महत्व है।
छोटे-छोटे प्रतिभागियों में अपनी टीम को विजयी बनाने का जज्बा और उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी स्काउट-गाइड पूरी लगन, टीम भावना और अनुशासन के साथ निर्धारित क्रम में प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।
तकनीकी विशेषज्ञ शुभम सैनी एवं अक्षत शर्मा के नेतृत्व में निर्णायकों की दक्ष टीम विभिन्न प्रतियोगिताओं का बारीकी से निरीक्षण एवं मूल्यांकन कर रही है।
आज दिवस अधिकारी के रूप में प्रधानाचार्या विमलेश कुमारी तथा एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य रवि कुमार ने दायित्व निभाया।
रैली के सफल आयोजन में आयोजन सचिव डॉ. सुरेंद्र वर्मा, कब कमिश्नर संजय सिंह बोलो बोलो कमिश्नर मधु सक्सेना, जिला कमिश्नर स्काउट डॉ. हिमांशु यादव, जिला कमिश्नर गाइड डॉ. वंदना सक्सेना एवं जिला संगठन कमिश्नर गाइड मोनिका सहित जिला संस्था मुरादाबाद की प्रशिक्षित टीम दिन-रात जुटी हुई है।
विभिन्न विद्यालयों के लगभग 100 स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन अपनी-अपनी टीमों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहे हैं। जनपदीय रैली का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल