मुरादाबाद : दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद रात्रि में बरसे मेघ

 


मुरादाबाद, 07 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में गुरुवार को दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद बादलों का भी आना जाना रहा। लेकिन रात होते ही मौसम का मिजाज बदल गया। रात्रि नौ बजे से तेज हवाओं के बीच गरज चमक के साथ 01 घंटे की झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिससे मौसम तो सुहाना हुआ लेकिन बिजली कट गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गुरुवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज साफ था, दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम के मिजाज में परिवर्तन आया है। जिसके कारण कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी।

हालांकि अभी शुक्रवार को लेकर कोई पूर्व चेतावनी नहीं है, मौसम सामान्य रह सकता है। गुरुवार को मध्यरात्रि से तेज हवाओं के बीच गरज चमक के साथ बारिश शुरू हुई तो कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। खासतौर पर खुशहालपुर, मानपुर, रामपुर रोड, लाइनपार ढक्का, कुंदरपुर, मंडी समिति, बुद्धि विहार और आशियाना कॉलोनी की बिजली कट गई।

सहायक अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि कहीं कोई बड़ा फॉल्ट नहीं हुआ है, हवा तेज है, इसलिए एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों की बिजली काटी गई है, जो मौसम में सुधार होते ही सुचारु कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल