पीलीभीत में शुरू होगी लेपर्ड सफारी, लखनऊ में बनेगा स्नैक वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर

 


लखनऊ, 25 जून (हि.स.)। प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना ने गुरुवार को बापू भवन स्थित कार्यालय कक्ष में पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दुधवा नेशनल पार्क, इटावा लायन सफारी, कानपुर प्राणी उद्यान एवं नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान, लखनऊ की प्रगति एवं कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डाॅ. सक्सेना ने कहा की जनपद पीलीभीत में लेपर्ड की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां शीघ्र ही एक अत्याधुनिक लेपर्ड सफारी विकसित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है तथा परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। यह सफारी प्रदेश में वन्यजीव पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनेगी।

इटावा लायन सफारी की समीक्षा के दौरान वहां की आधारभूत सुविधाओं एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि सफारी में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में लखनऊ में स्नैक वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर की स्थापना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द से जल्द मूर्त रूप दिया जाए, जिससे सर्पदंश उपचार, विष अनुसंधान तथा जनहित से जुड़े कार्यों को नई गति मिल सके।

सभी चिड़ियाघरों के निदेशकों को निर्देशित किया गया कि प्राणी उद्यानों में वन्यजीवों की उपलब्धता, स्वास्थ्य एवं संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नवीन गतिविधियों, सुविधाओं और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगंतुकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो।

बैठक में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा प्रदेश में पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन वी हेकाली झिमोमी, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ अनुराधा बेमूरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन