अत्यधिक बारिश के चलते जौनपुर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 28 सितंबर को बंद
जौनपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। यूपी केे जौनपुर में अत्यधिक बारिश के कारण हुए जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के आदेश के क्रम में 28 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार ने इस संबंध में रविवार देर रात आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है।
आदेश के अनुसार जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। इस दौरान विद्यार्थी विद्यालय नहीं आएंगे।
हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें आधार के लिए जन्म प्रमाणपत्र, अपार, एसएचवीआर, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को अवकाश की सूचना समय से उपलब्ध कराने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव