जाैनपुर: बेकाबू स्कूल वैन खाई में पलटी, शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल
- स्कूल वैन चालक पर लापरवाही का आराेप, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर,29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जाैनपुर जिले सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल हाे गये। एक बच्चे की हालत गंभीर हाेने पर इलाज के लिए उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि स्कूल की वैन क्षेत्र के शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। बेलवार के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई। वाहन में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 8 से 10 बच्चों की है। इससे चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग के आरोप भी सामने आए हैं।
सूचना मिलते ही सुजानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय अभी यादव पुत्र कल्लू यादव को एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। वहीं, वैन में सवार शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना में घायल बच्चों में श्रेजा यादव, अक्षरा यादव, अनन्या यादव, सान्वी यादव, सुहानी, उन्नति यादव और आयुषी यादव, शिक्षिका सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि कई निजी विद्यालयों की गाड़ियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाली जाती है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन की फिटनेस, क्षमता, परमिट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित चालक और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक