रैली को हरी झंडी दिखा डीएम ने किया स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ

 


फर्रुखाबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। जनपद में बुधवार को 'स्कूल चलो अभियान-2026-27' के द्वितीय चरण का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार काे कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। अभियान का उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह रहे प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई रैली फतेहगढ़ चौराहा होते हुए रोडवेज बस स्टेशन तक पहुंची। रास्ते में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारे लगाए और आमजन से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। रैली में जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रभारी जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) सुनील प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं शिक्षकों से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक गांव तथा मोहल्ले में जाकर विद्यालय से बाहर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि 'स्कूल चलो अभियान' केवल प्रवेश अभियान नहीं बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का समय से नामांकन कराकर उन्हें नियमित विद्यालय भेजें।इसके बाद विकासखंड मोहम्मदाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं तथा नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के जीवन को नई दिशा देती है। अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे।

समापन पर बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों का घर-घर सर्वे कर उनका शीघ्र नामांकन कराया जाए। साथ ही विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, स्वच्छ वातावरण और बच्चों के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही हर बच्चा स्कूल जाए, हर बच्चा पढ़े और हर बच्चा आगे बढ़े का लक्ष्य साकार किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar