स्कूल चलो अभियान की शुरुआत, जिला पंचायत अध्यक्ष ने रैली को दिखाई हरी झंडी

 


औरैया, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान-2026 का शुभारंभ बुधवार को उत्साहपूर्वक किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने स्कूल चलो रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशन में ऐसे बच्चों को चिन्हित किया जा रहा है जो या तो स्कूल छोड़ चुके हैं या जिनका अब तक नामांकन नहीं हुआ है। उन्होंने सभी विकासखंडों में एक-एक प्राथमिक विद्यालय को गोद लेने की घोषणा करते हुए सात ब्लॉकों में सात स्कूलों को अपनाया। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि संसाधनहीन विद्यालयों की सूची तैयार कर उन्हें स्मार्ट क्लास सहित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि 14 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा का अधिकार देना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करें और अभिभावकों को नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करें। उन्होंने 20 अप्रैल तक शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का टीका लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें पाठ्य पुस्तकें व स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही पिछले वर्ष सर्वाधिक नामांकन कराने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए तय समय से पहले ही लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार