बलरामपुर में स्कूल चलो अभियान,विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ

 








बलरामपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में बुधवार को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘स्कूल चलो अभियान’, विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस अवसर पर लोगों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय खगईजोत में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक पलटूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विद्यालय की छात्राओं की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्कूल चलो अभियान पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। मिशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आज परिषदीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बन रहे हैं।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि यह अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का संकल्प है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि जनपद का कोई भी बच्चा आउट ऑफ स्कूल न रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया, जिससे उनके शैक्षिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत सुनिश्चित हो सके। साथ ही, पिछले वर्ष स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक नामांकन सुनिश्चित करने वाले पांच शिक्षकों रजनीश कुमार शर्मा कंपोजिट विद्यालय बघेलखंड, गैसड़ी राम सेवक कंपोजिट विद्यालय सकरी, हरैया सतघरवा राजेश प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर, तुलसीपुर श्रद्धा सिंह प्राथमिक विद्यालय तिलकहना, पचपेड़वा आरती सिंह प्राथमिक विद्यालय गैसड़ी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल चलो रैली एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली को जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर, चेयरमैन प्रतिनिधि डीपी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन