छात्रों से भरी स्कूली बस पुलिया पर लटकी, बाल-बाल बचे बच्चे

 


महोबा, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद के महोबकंठ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चालक की लापरवाही से स्कूली बच्चों से भरी बस पुलिया में जाकर हवा में लटक गई । बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।

महोबकंठ में स्थित वसंत वैली पब्लिक स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में लगभग 40 छात्र-छात्राएं सवार थे। बस में सवार स्कूल के छात्र रिजवान ने बताया कि बस चालक पीछे छूटे एक बच्चे को लेने के लिए बस खड़ी कर खुद ही उसे लेने चला गया। नीचे उतरने के दौरान चालक भूलवश हैंड ब्रेक न लगाए जाने के कारण बस पीछे की ओर खिसककर नाला में बनी पुलिया में हवा में लटक गई। हादसे के बाद अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है, उन्होंने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से वाहनों एवं चालकों की जांच कराने की मांग की है।

एआरटीओ दयाशंकर ने बताया कि हादसे में सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित हैं, किसी को कोई चोट नहीं पहुंची है। लगातार अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच की जा रही है। छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी