स्कूल बस और डंपर की भिड़ंत, शिक्षिका की मौत

 


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को स्कूल बस और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार एक महिला शिक्षक की मौत हो गई, जबकि अन्य छात्र और शिक्षक घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसा कानपुर-सागर हाईवे पर हरबसपुर गांव के पास हुआ। चीना पब्लिक स्कूल की बस नौबस्ता से घाटमपुर स्थित स्कूल जा रही थी। बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। चालक अर्जुन के अनुसार, हरबसपुर के पास सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया। उसने डंपर से बचने के लिए बस को सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए।

हादसे में पिछली सीट के पास बैठीं विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। टूटे शीशे के टुकड़े उनके सिर में लग गए। साथी शिक्षक उन्हें तत्काल बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच के टुकड़े लग गए। उसका भाई कनिष्क, कक्षा पांच, छात्रा मैत्री, कक्षा पांच, सुहानी, कक्षा 11 और कुशाग्र, कक्षा 10 भी बस में सवार थे। शिक्षिका अंजू रीता और शिक्षक हिमांशु यादव को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। अर्पित दीक्षित, दुर्गा चौहान, निखलेश्वर बाजपेई और रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

बस में सवार मैथ टीचर दीपल पाल ने बताया कि डंपर सामने से बस की तरफ आता दिखाई दिया था। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और शीशे टूटने से अंदर बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह भी एक निजी वाहन से बस के पीछे आ रही थीं। हादसे की जानकारी मिलने पर वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। वहां ऐश्वर्या की मौत की जानकारी मिलते ही वह भावुक हो गईं। साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला।

चीना पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पंकज सचान ने बताया कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्कूल में कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्र घाटमपुर जा रहे थे। हादसे में शिक्षिका की मौत से स्कूल परिवार में शोक है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और डंपर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप