शहीद एक्सप्रेस में आग लगने के कारण चार ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ाया

 


मुरादाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के बिंदकी-नगीना स्टेशन के बीच शहीद एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात्रि आग लगने की घटना से शनिवार को मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली चार ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ा गया। रेलवे कंट्रोल रूम के अनुसार, घटना की वजह से देहरादून से चलकर वाराणसी को जाने वाली एक्सप्रेस शनिवार को डेढ़ घंटे प्रभावित हुई है। अमृतसर से तिनसुकिया के बीच चलने वाली मेल एक्सप्रेस को यात्रा मार्ग में स्टेशन पर 70 मिनट रोकना पड़ा, जम्मू से वाराणसी के बीच चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस 35 मिनट तथा देहरादून से वाराणसी को जाने वाली दून एक्सप्रेस को 35 मिनट रोका गया।

शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार रात आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई गई थी। घटना नगीना रेलवे स्टेशन के पास रात्रि 11ः15 बजे हुई थी। कोच में धुआं भरने पर करीब 80 यात्री नीचे उतर गए थे। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए थे। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई थी। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सामान्य कर दिया था। इसके बाद रात 11ः50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया था। घटना के कारण रेल लाइन करीब आधे घंटे तक बाधित रही थी। इससे ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

नगीना जीआरपी प्रभारी राहुल यादव ने बताया कि राहत की बात रही कि आग लगने के बाद सभी यात्री सुरक्षित कोच से नीचे उतर गए थे। हालांकि, कुछ यात्रियों के बैग जलने से सामान का नुकसान हुआ। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल