04 नवंबर को भाजपा की पदयात्रा में जुटेंगे हजाराें लोग : राम किशोर साहू
कानपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। समाज के हर वर्ग की भागीदारी से चार नवंबर को कानपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें 25 हजार कार्यकर्ताओं, युवाओं, छात्रों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और प्रबुद्धजनों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। पदयात्रा ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क से शुरू होकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा तक पहुंचेगी। इसमें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल भी शामिल होंगे। यह बातें रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कहीं।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि पदयात्रा में छात्र-युवाओं, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, उद्यमियों और प्रबुद्धजनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा में एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों के कार्यकर्ता चार नवंबर को ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में एकत्र होंगे। यहां से पदयात्रा शुरू होकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा तक पहुंचेगी। पदयात्रा के समापन पर विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।
बैठक में कार्यक्रम के क्षेत्रीय संयोजक राजेश पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सुरेश गुप्ता, राजेश चौहान, यश जायसवाल और स्पर्श कटियार सहित अन्य कार्यकर्ताओं को तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप