सरयू नदी खतरे के निशान से 13 सेमी ऊपर, तटीय गांवों में बढ़ा बाढ़ का खतरा

 


बाराबंकी 06 अगस्त (हि.स.)। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को नदी का जलस्तर 106.210 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान से 13 सेंटीमीटर ऊपर है। जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी बांध के किनारे तक फैल गया है जिससे तटीय क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है। यदि बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा तो नदी किनारे बसे कई गांव चारों ओर से पानी से घिर सकते हैं। संभावित बाढ़ को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित इलाके का भ्रमण कर ग्रामीणों का हालचाल लिया और कहा कि उन्हें बाढ़ राहत केंद्र पर आकर रुकने के लिए कहा। लेखपालों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

कुसौरा के पास सरयू नदी बाढ़ कार्य खंड द्वारा बनाए गए ठोकरों को छूते हुए आगे बढ़ रही है। यहां दूसरे नंबर के ठोकर पर नदी की मुख्य धारा आकर मुड़ रही है जिससे इस स्थान पर विशेष निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि अन्य ठोकरें भी नदी के तेज बहाव को मोड़कर बांध की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में पिछले वर्ष और इस वर्ष मिलाकर बनाई गई सात ठोकरें बांध को कटान से बचाने का कार्य कर रही हैं। यहां नदी की धारा बांध से महज 80 मीटर की दूरी पर ठोकर की नोज से सटकर बह रही है। जल स्तर बढ़े होने के बाद भी सरयू पुल के पास कटान का सिलसिला अभी भी जारी है। लगातार हो रही कटान को देखते हुए भी रेल प्रशाशन निष्क्रिय है। नदी के बढ़ने पर एसडीएम आकांक्षा गुप्ता का कहना है कि नदी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी