बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में मेरठ के सरफराज बने नॉर्थ इंडिया चैंपियन
मुरादाबाद, 15 सितम्बर (हि.स.)। युवाओं को बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुरादाबाद जिम यूनियन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में मंगलवार को मुरादाबाद के लाइनपार स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में एसोसिएशन ओपन प्रदेश स्तरीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक बॉडीबिल्डरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन कई वर्गों में किया गया था। इसमें प्रमुख रूप से मिस्टर मुरादाबाद, नॉर्थ इंडिया चैंपियन, नॉर्थ इंडिया मसल्स मैन, जूनियर नॉर्थ इंडिया, मिस्टर मुरादाबाद मैन फिजिक शामिल रहे। प्रत्येक वर्ग को वजन के आधार पर विभाजित किया गया था, जिसमें 50 किलोग्राम से लेकर 90 किलोग्राम तक के वर्ग में युवा बॉडीबिल्डरों ने हिस्सा लिया। बॉडीबिल्डरों ने अपनी मसल्स, फिटनेस और स्टेज प्रेजेंटेशन से निर्णायक मंडल और दर्शकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए अनुभवी निर्णायक मंडल की निगरानी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। निर्णायक मंडल में मोहम्मद नूर, तनवीर खान और राशिद रजा शामिल रहे, जिन्होंने बारीकी से सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
मंच संचालन की जिम्मेदारी जिम यूनियन के संस्थापक राजीव पाल और मुख्य आयोजक परवेज अंसारी ने संयुक्त रूप से निभाई और पूरे कार्यक्रम को अनुशासित तरीके से संचालित किया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद शहर के विधायक रितेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, भाजपा नेता डा केके मिश्रा, समाज सेविका मनीषा देवी, समाजसेवी अशरफ अली, नरेंद्र सुमन, रजत शर्मा और इंद्रजीत सिंह ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और विजेता बॉडीबिल्डरों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और नकद धनराशि देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने मुरादाबाद जिम यूनियन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर फिटनेस और खेल के प्रति जागरूक करते हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। नॉर्थ इंडिया चैंपियन का खिताब मेरठ के युवा बॉडीबिल्डर मोहम्मद सरफराज ने अपने नाम किया। उनके शारीरिक सौष्ठव और मसल्स की परिभाषा को निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ माना। वहीं प्रतिष्ठित मिस्टर मुरादाबाद का खिताब विकास कुमार ने जीता। इसके अलावा अन्य वर्गों में भी विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल