सरस मेले में महिलाओं ने प्रदर्शित किए स्वनिर्मित उत्पाद, डीएम ने बढ़ाया उत्साह
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल
औरैया, 09 अक्टूबर (हि. स.)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत औरैया जनपद में तिरंगा मैदान, ककोर में सरस मेले का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में आयोजित मेले में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके स्वनिर्मित उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान करना रहा। मेले में महिलाओं ने हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन किया। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं की रचनात्मकता, हुनर और उद्यमशीलता देखने को मिली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता की सराहना करते हुए महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने महिला समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने तथा उनके विपणन के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया।
सरस मेले को ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बेहतर गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच से महिला समूहों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, संबंधित अधिकारी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार