वाराणसी-छेहर्टा के बीच 17 जुलाई से चलने वाली संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन का जौनपुर सिटी स्टेशन में हाेगा ठहराव

 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे ट्रेन संचालन का शुभारंभ

जौनपुर,13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जनपद में वाराणसी और पंजाब के छेहर्टा के बीच चलने वाली 'संत रविदास एक्सप्रेस' के नाम से चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया गया है।यह जानकारी सोमवार को स्टेशन अधीक्षक सिटी स्टेशन अनिल कुमार उपाध्याय ने दी। उन्हाेंने बताया कि इस ट्रेन का संचालन 17 जुलाई से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका शुभारंभ करेंगे।

यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन दोनों दिशाओं (अप एवं डाउन) में संचालित होगी। छेहर्टा से वाराणसी जाने वाली ट्रेन (14624) बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। वहीं, वाराणसी से छेहर्टा जाने वाली ट्रेन (14623) गुरुवार, शनिवार और सोमवार को संचालित की जाएगी।

जौनपुर सिटी के अलावा, इस ट्रेन का ठहराव सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी होगा। इस नई रेल सेवा से जौनपुर के यात्रियों को लखनऊ और पंजाब के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। आधुनिक स्लीपर कोचों से सुसज्जित यह ट्रेन व्यापार, रोजगार, शिक्षा और धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक सिद्ध होगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव