संस्कृति विश्वविद्यालय : दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को मिले स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

 


मथुरा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में डिग्रियां और पदक पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। समारोह में वर्ष 2025 और 2026 के कुल 4,141 विद्यार्थियों को डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक की उपाधियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही, दोनों वर्षों के दौरान शोध पूरा करने वाले 49 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री से नवाजा गया।

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद्र गहलौत रहे। इस अवसर पर संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा सचिन गुप्ता और कुलपति प्रोएमबी चेट्टी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समाराेह में वर्ष 2025 के 2,248 और वर्ष 2026 के 1,896 विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में डिग्रियां वितरित की गईं। इस सत्र के कुल 138 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया जिसमें प्रथम स्थान पाने वाले 49 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 49 विद्यार्थियों को रजत पदक तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले 40 विद्यार्थियों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया है।

प्रमुख संकायों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थी (स्वर्ण पदक विजेता) बी.कॉम (ऑनर्स) रोहित कुमार सिंह, बी.बी.ए नंदिनी अग्रवाल, एम.बी.ए अंजलि कुशवाहा, बी.टेक (कंप्यूटर साइंस) मनीष शर्मा, बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीकल्चर अल्लम राधिका, बैचलर ऑफ फार्मेसी अनीता वर्मा, बी.ए. एलएल.बी. (ऑनर्स) भूमिका कुमारी लिपुमा है। इस दौरान विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करने वाले इन मेधावी युवाओं की सफलता से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल रहा।--------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार