हिंदू नववर्ष पर संस्कार भारती का सांस्कृतिक आयोजन, कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जौनपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में विसर्जन घाट पर सोमवार देर रात संस्कार भारती के तत्वावधान में हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ,जिसमें प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के सदस्यों द्वारा ध्येय गीत की प्रस्तुति से हुई। संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर आचार्य कमलेश ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास और कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद डॉ. नरेंद्र पाठक और उनके छात्रों ने प्रभावशाली संघ गीत प्रस्तुत किया, जिसमें तबले पर डॉ. अवधेश यादव और हारमोनियम पर प्रदीप श्रीवास्तव ने संगत दी।
इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संस्था की अध्यक्ष डॉ. ज्योति दास ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुष्कर मिश्र, देव मिश्र और दीपक मिश्रा ने तबला वादन प्रस्तुत किया। इसके बाद बनारस से आए कलाकारों ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें गणेश वंदना और आनंद तांडव विशेष आकर्षण रहे।
ब्रज क्षेत्र से आईं लोक कलाकार सीमा मोरवाल और उनकी टीम ने देवी वंदना, मयूर नृत्य, लट्ठमार होली और फूलों की होली की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। अंत में महामंत्री अमित गुप्ता ने आभार व्यक्त किया और ‘वंदे मातरम्’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव