सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत के खिलाफ काम का बहिष्कार करने की चेतावनी दी
हाथरस, 01 सितंबर (हि.स.) । जिले के नगर पंचायत सादाबाद में सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की है। मंगलवार को सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर तहसील परिसर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पंचायत में कार्यरत करीब 8 से 10 कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्य से हटा दिया गया है। इन कर्मचारियों काे अचानक काम से हटाए जाने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जब वे अपनी समस्या लेकर नगर पंचायत कार्यालय में अधिकारियों के पास जाते हैं तो उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ सीधे मुंह बात तक नहीं की जाती।
सफाई कर्मचारी रंजीत कुमार चौहान ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई बार नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी शिकायत से जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री तथा थाना प्रभारी को भी अवगत कराया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे। कर्मचारियों ने कहा कि कार्य बहिष्कार के दौरान कोई भी सफाई कर्मचारी नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई कार्य नहीं करेगा, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
तहसील परिसर में प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और “अध्यक्ष मुर्दाबाद” के नारे लगाए। कर्मचारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिना नोटिस हटाए गए कर्मचारियों के मामले में उचित कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने की मांग की। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना