छत से गिरकर सफाई कर्मचारी की मौत,जांच में जुटी पुलिस

 


देवरिया, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र में छत पर सो रहे सफाई कर्मचारी मंगलवार की रात नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-3 स्थित पकड़ियार टोला में रहने वाले राकेश कुमार (35) पुत्र तुलसी प्रसाद नगर पंचायत बरियारपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। सफाई कर्मी राकेश मंगलवार रात अपने घर की छत पर सो रहे था। देर रात वह लघुशंका के लिए उठा और अचानक संतुलन बिगड़ने के चलते छत से नीचे गिर पड़ा। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में उठाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए।

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक अपने पीछे पत्नी मंदा देवी, पुत्र करन व अर्जुन तथा पुत्रियां करीना और मुन्नी को छोड़ गए हैं।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि छत पर गिरने से एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक