सैमसी झील बनेगी पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र : सीडीओ

 


-मछली पालन और पर्यटन का नया केंद्र बनेगी झील, गांव वालों को घर के पास मिलेगा काम-राजापुर कैनाल से जोड़ी जाएगी झील की जलधारा, पूरे साल पानी से लबालब रहेगा ताल-साफ होगी जलकुंभी और गाद, इको-टूरिज्म के नक्शे पर आएगी सरसौल की यह ऐतिहासिक झील

कानपुर, 12 मई (हि.स)। सैमसी झील को केवल एक जलाशय के रूप में नहीं, बल्कि पर्यटन और रोजगार के एक बड़े मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। मशीनों और मैनपावर की संख्या बढ़ाकर जलकुम्भी सफाई और गाद निकालने का कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दे दिए हैं। झील में पानी की कमी न हो, इसके लिए इसे राजापुर कैनाल से जोड़ा जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि यह स्थल जल्द ही शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शुमार हो। यह बातें मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जैन ने कहीं।

उन्हाेंने कहा कि प्रदेश के जल निकायों को पुनर्जीवित कर उन्हें पर्यटन और स्वरोजगार से जोड़ने के अभियान में जुटी है। इसी कड़ी में कानपुर नगर के विकास खंड सरसौल स्थित सैमसी झील की तस्वीर बदलने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने परियोजना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर इस झील को एक बड़े इको-टूरिज्म स्पॉट के रूप में स्थापित करने का खाका तैयार किया है।

जलकुम्भी मुक्त होगी झील, मछली पालन से बढ़ेगी आयसैमसी झील के कायाकल्प के लिए सबसे पहले इसके शुद्धिकरण पर जोर दिया जा रहा है। झील में फैली जलकुम्भी को पूरी तरह साफ किया जा रहा है और तलहटी में जमा गाद को निकालकर इसे गहरा किया जा रहा है। इस सफाई के बाद झील न केवल दिखने में आकर्षक होगी, बल्कि इसमें बड़े पैमाने पर मछली पालन भी शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय मत्स्य जीवी सहकारी समितियों को सीधा आर्थिक लाभ होगा और ग्रामीणों के लिए उनके घर के पास ही रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

--राजापुर कैनाल से आएगी पानी की अविरल धाराझील को साल भर जीवंत और पानी से लबालब रखने के लिए इसे तकनीकी रूप से राजापुर स्थित कैनाल (नहर) से जोड़ा जा रहा है। एक छोटी फीडर कैनाल के जरिए झील में पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे गर्मी के दिनों में भी झील का जलस्तर कम नहीं होगा, जो पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहेगा। साथ ही, इससे आस-पास के क्षेत्र का वाटर लेवल भी सुधरेगा।

--पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तारझील के किनारों को सजाने के लिए पूर्व में किए गए कार्यों, जैसे स्ट्रीट लाइट और इंटरलॉकिंग पाथवे को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। यहाँ बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर हरियाली विकसित की जाएगी और आकर्षक ब्रैंडिंग बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि लोग यहाँ सपरिवार पिकनिक मनाने आ सकें। झील को एक ऐसे केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है जहाँ प्राकृतिक शांति के साथ-साथ मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप