प्रभावशाली लोग अपने प्रभुत्व के बल पर कमजोर वर्गों को दबाने का प्रयास कर रहे : श्यामलाल पाल
अमेठी, 20 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शनिवार को अपने एकदिवसीय अमेठी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर मजरे दलशाहपुर गांव पहुंचकर जमीनी विवाद में हुई हत्या के पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये का चेक देकर आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी ली और घायलों का हालचाल जाना।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमलावरों ने केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि सुनील पाल की पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और अभी तक सामान्य रूप से उठ-बैठ नहीं पा रही हैं। उनकी मां को भी गंभीर चोटें आई हैं और छोटे-छोटे बच्चों तक को नहीं बख्शा गया।
उन्होंने कहा कि परिवार पर जो दुख का पहाड़ टूटा है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। लेकिन समाजवादी पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
मीडिया से बातचीत में श्यामलाल पाल ने कहा कि यह मामला किसी जाति, धर्म या मजहब का नहीं है, बल्कि गरीब और कमजोर लोगों के खिलाफ सामंतवादी मानसिकता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग अपने प्रभुत्व के बल पर कमजोर वर्गों को दबाने का प्रयास कर रहे हैं और ऐसी घटनाएं उसी सोच की देन हैं।
श्यामलाल पाल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान शोषित, वंचित और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने की गारंटी देता है, लेकिन वर्तमान समय में संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के अमेठी जिला अध्यक्ष राम उदित यादव, महिला जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह, जिला प्रवक्ता एडवोकेट राजेश कुमार मिश्रा, वरिष्ठ नेता शिव प्रताप यादव बीआरसी, युवा नेता जय सिंह प्रताप यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी