विहिप ने अवध प्रान्त में शुरू की सामाजिक समरसता यात्रा

 




गांवों में होंगे समरसता महायज्ञ

लखनऊ,04 फरवरी (हि.स.)। सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए विश्व हिन्दू परिषद अवध प्रान्त में सामाजिक समरसता यात्रा निकाल रही है। विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप और प्रान्त मंत्री देवेन्द्र मिश्र बुधवार को सीतापुर में सामाजिक समरसता यात्रा में शामिल हुए। सीतापुर के कमलापुर में वाल्मीकि मंदिर पर पहुँची समरसता यात्रा को संबोधित करते हुए ​प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप ने कहा कि भेदभाव मुक्त,समरसता युक्त समाज का निर्माण करना इस यात्रा का उद्देश्य है। हिन्दू—हिन्दू एक रहें भेदभाव को नहीं सहें का उदघोष कराते हुए उन्होंने कहा कि सभी हिन्दू आपस में भाई हैं। समाज में अस्पृश्यता पाप है। इसको दूर करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

विहिप के प्रान्त सामाजिक समरसता प्रमुख धर्मेन्द्र कुशवाहा ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि सीतापुर के छीतापासी किले से 01 फरवरी को यह यात्रा निकाली गयी। यात्रा सीतापुर और लखीमपुरखीरी के सभी ब्लाक में जायेगी। यात्रा का समापन 07 फरवरी को गोला गोकर्णनाथ में होगा। धर्मेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि सामाजिक समरसता यात्रा जिन—जिन गांवों में पहुंच रही है उस गांव में मार्च व अप्रैल माह में समरसता महायज्ञ का आयोजन किया जायेगा। इस महायज्ञ में गांव के सभी जाति बिरादरी के लोग शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन