कॉपी किताबें व स्टेशनरी की बिक्री बिना बिल व रसीद के किए जाने पर बुक डिपो दोषी
मुरादाबाद, 10 मई (हि.स.)। राज्य कर विभाग मुरादाबाद ने जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष/प्रवक्ता द्वारा सिविल लाइन स्थित एक नामचीन बुक डिपो के द्वारा कॉपी किताबें व स्टेशनरी की बिक्री बिना बिल व रसीद के किए जाने की शिकायत मामले में आरोपित बुक डिपो को नियमों का उल्लंघन करने पर दोषी पाया है।
मुरादाबाद जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुधीर पाठक ने बीते माह मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत करके कहा था कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पीली कोठी स्थित महाजन बुक डिपो के द्वारा बिना बिल व रसीद के कॉपी किताबें स्कूल बैग स्टेशनरी का सामान इत्यादि बेचे जा रहे हैं और रसीद व बिल मांगने पर दुकान पर कार्यरत कर्मचारियों के द्वारा अभिभावकों से बदतमीजी की जाती है। इसके बाद राज्य कर विभाग के उपायुक्त के द्वारा कांग्रेस नेता की शिकायत की जांच कराई गई जो सही निकली। अपर आयुक्त राज्य कर, ग्रेड-2 आरए सेठ ने बताया कि आरोपित बुक डिपो के द्वारा बिक्री नियमों का उल्लंघन किया गया है। आरोपित के द्वारा 1 अप्रैल से की गई हरिद्वार बिक्री की सघन जांच कराई जाएगी और जो भी कर चोरी की गई है उसके लिए उसे दंडित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल